अहमदाबाद मेल की कपलिंग और बफर टूटने के मामले में मंगलवार को रेलवे प्रशासन ने ट्रेन के ड्राइवर और गार्ड के बयान दर्ज कर रिपोर्ट मंडल मुख्यालय को भेज दी गई है।
दो हिस्सों में हो गई थी ट्रेन
सोमवार दोपहर 12 बजे अहमदाबाद मेल के हरिद्वार के ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही कपलिंग और बफर टूट गए थे। इससे ट्रेन दो अलग-अलग हिस्सों में बंट गयी थी।
स्टेशन अधीक्षक एमके सिंह ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर यातायात निरीक्षक गजेंद्र सिंह की ओर से गार्ड और ड्राइवर के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। इसकी रिपोर्ट डीआरएम मुरादाबाद को भेज दी गई है।
मुंबई के अधिकारी करेंगे जांच
उन्होंने बताया कि ट्रेन वेस्टर्न रेलवे की है। इसलिए घटना की जांच भी मुंबई सेंट्रल के रेलवे अधिकारियों की टीम करेगी। जांच पड़ताल पूरी होने के बाद क्षतिग्रस्त बोगी को अहमदाबाद के लिए रवाना किया जाएगा। फिलहाल बोगी ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी है।