फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नैनीतालः इनोवा खाई में गिरी, क्रिकेटर की मौत

Sun, 26 Feb 2017 08:04 PM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, ज्योलीकोट (नैनीताल)
विज्ञापन
- फोटो : demo pic
विज्ञापन
शनिवार की देर रात हल्द्वानी-नैनीताल एनएच पर मल्ला बेलुवाखान के पास कार खाई में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। इसके अलावा दो युवक घायल हो गए।
विज्ञापन


घायलों को इलाज के लिए रात में ही आपातकालीन वाहन 108 से हल्द्वानी भेज दिया गया। युवक के शव का रविवार सुबह हल्द्वानी में पोस्टमार्टम किया गया। मृतक क्रिकेटर था और इन दिनों वह रणजी खेलने की तैयारी में जुटा था।

रुद्रपुर स्थित आवास विकास निवासी वीरपाल ग्रोवर (22) पुत्र राजेंद्र सिंह सिंह ग्रोवर, भूरारानी (रुद्रपुर) निवासी कशिश खेड़ा (21) पुत्र रामकिशन और भगत सिंह चौक (रुद्रपुर) निवासी वैभव ग्रोवर (20) पुत्र राकेश ग्रोवर शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे इनोवा कार (यूके 06 वाई 5556) से नैनीताल से रुद्रपुर लौट रहे थे। मल्ला बेलुवाखान के पास स्थित मोड़ पर कार बेकाबू होकर पैराफिट को तोड़ते हुए करीब तीन सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वीरपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन


हादसे की सूचना पर ज्योल गांव निवासी नीलम बिष्ट, गोविंद बिष्ट, अजय बिष्ट, हरीश बिष्ट आदि मौके पर पहुंचे। इधर जानकारी होने पर ज्योलीकोट चौकी प्रभारी मन्नवर सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से हादसे में घायल हुए कशिश और वैभव को खाई से बाहर निकाला और आपातकालीन वाहन 108 की मदद से हल्द्वानी भेजा। 
खोजबीन के दौरान सुबह करीब पांच बजे वीरपाल का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया। राहत और बचाव कार्य में हेमंत बोरा, पारस बोरा और आलोक बोरा ने भी सहयोग किया। पुलिस के मुताबिक तेज रफ्तार हादसे के चलते हादसा हुआ होगा। उधर, रविवार शाम को किच्छा रोड स्थित रामबाग श्मशान घाट पर वीरपाल की अंत्येष्टि कर दी गई। 

बेहतरीन क्रिकेटर था मृतक वीरपाल 
हादसे में जान गंवाने वाला वीरपाल पढ़ाई में अव्वल होने के साथ ही एक बेहतरीन क्रिकेटर भी था। देहरादून में आयोजित उत्तराखंड गोल्ड कप में प्रदेश की टीम के लिए खेलने के बाद वीरपाल वर्तमान में रणजी ट्रॉफी खेलने की तैयारी कर रहा था। वीरपाल की असमय मौत से जहां उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं रुद्रपुर के क्रिकेट प्रेमियों में भी शोक की लहर है।
विज्ञापन


आवास विकास (रुद्रपुर) निवासी वीरपाल की प्रारंभिक शिक्षा देहरादून के एशियन पब्लिक स्कूल से हुई थी। इसके बाद उसने देहरादून की ही अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी से क्रिकेट का प्रशिक्षण लिया और नोएडा से बीबीए की पढ़ाई भी कर रहा था। वर्तमान में वीरपाल रणजी खेलने की तैयारी के साथ ही रुद्रपुर में अपने पिता के कारोबार में उनका हाथ बंटा रहा था। वीरपाल का छोटा भाई भी देहरादून में रहकर पढ़ाई कर रहा है। बताया जा रहा है कि वीरपाल ऑलराउंडर था, वह फास्ट बॉलर के रूप में पहचाना जाता था। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें