पेयजल निगम से सूचना अधिकारी गायब
- फोटो : concept photo
देहरादून स्थित पेयजल निगम में लोक सूचना अधिकारी के नाम पर एक बोर्ड टंगा है। इस बोर्ड पर जिन अधिकारियों के नाम लिखे हैं उनका या तो तबादला हो चुका है या वे सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
ऐसे में अगर किसी जरूरतमंद को कोई जानकारी लेनी हो तो वह किस अधिकारी से संपर्क करें इसके बारे में भी कोई कर्मचारी या अधिकारी जानकारी देने को तैयार नहीं है। गौर करने वाली बात यह है कि पेयजल निगम के प्रबंध निदेशक भजन सिंह भी इस बारे में पूछे जाने पर आश्चर्य जताते हुए कहते हैं कि यह कैसे हो सकता है कि बोर्ड पर इस समय तैनात सूचना अधिकारी का नाम न हो। यदि ऐसा है तो तुरंत ही संबंधित अधिकारी का नाम बोर्ड पर लिखवाया जाएगा।
सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 का खुला मखौल उड़ाया जा रहा है। मोहिनी रोड स्थित पेयजल निगम मुख्यालय में बोर्ड तो लगा है लेकिन बोर्ड में जो नाम दिए गए हैं, उनमें से एक भी अधिकारी निगम में तैनात नहीं है। बोर्ड में जय प्रकाश और इंद्रलाल का लोक सूचना अधिकारी में नाम लिखा गया है लेकिन इन दोनों के ही निगम से तबादले हो चुके हैं।
बोर्ड में सुनील का नाम विभागीय अपीलीय अधिकारी में लिखा गया है जबकि वह फरवरी में सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ऐसे में यदि निगम में कोई सूचना का अधिकार लेने पहुंचता है तो वह भटकता रह जाता है। इतना ही नहीं यहां के कर्मचारी और अधिकारी तक नहीं जानते कि इस समय चार्ज किसके पास है, किसी के पास है भी कि नहीं।