रेलवे बोर्ड की ओर से देहरादून-उज्जैन और देहरादून-इंदौर के साथ ही देहरादून-अमृतसर लाहौरी एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन की अनुमति नहीं दिए जाने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उज्जैन एक्सप्रेस और इंदौर एक्सप्रेस से नई दिल्ली होते हुए मध्य प्रदेश के विभिन्न स्थानों को जाने वाले यात्रियों को पहले देहरादून से नईदिल्ली और फिर वहां से इंदौर या फिर उज्जैन के लिए आरक्षण कराना पड़ रहा है।
इतना ही नहीं रेलवे बोर्ड की ओर से देहरादून-हावड़ा एक्सप्रेस का संचालन दून के बजाय योगनगरी ऋषिकेश से किया जा रहा है। इस वजह से भी यात्रियों के सामने मुसीबत है। जिन यात्रियों को देहरादून से बरेली, मुरादाबाद, लखनऊ होते हुए हावड़ा जाना है। उन्हें पहले देहरादून से ऋषिकेश जाना पड़ रहा है। परिणामस्वरूप यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि देहरादून-उज्जैन एक्सप्रेस और देहरादून-इंदौर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के संचालन को लेकर दून रेलवे स्टेशन पर रैक पहले से ही मुहैया करा दिए गए हैं, लेकिन रेलवे बोर्ड की ओर से ट्रेनों के संचालन की अनुमति नहीं दी गई है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक दोनों ट्रेनों के रैक रेलवे स्टेशन पर एक महीने से खड़े हैं। वहीं, स्टेशन अधीक्षक (परिचालन) सीताराम शंकर का कहना है कि देहरादून-उज्जैन एक्सप्रेस, देहरादून-इंदौर एक्सप्रेस और देहरादून-अमृतसर लाहौरी एक्सप्रेस ट्रेनों के रैक पूरी तरह तैयार हैं। रेलवे बोर्ड की ओर से जैसे ही ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दी जाएगी ट्रेनों का संचालन तत्काल शुरू कर दिया जाएगा।