उत्तराखंड के गौचर में शुरू हो चुकी सेना की भर्ती रैली को लेकर मेला मैदान में अन्य के प्रवेश पर 10 मार्च तक अस्थायी रोक लगा दी गई है। मंगलवार प्रात: 10 बजे तक हवाई पट्टी पहुंचने वाले युवाओं को ही रैली में शामिल किया जाएगा।
ढाई बजे हवाई पट्टी में सभी युवाओं को एकत्र किया जाएगा। ट्रेड के आधार पर समूह गठित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रात: 10 बजे तक आने वाले युवाओं को भी भर्ती रैली में शमिल होने दिया जाएगा। मेला मैदान में अन्य के प्रवेश पर 10 मार्च तक अस्थायी रोक लगा दी गई है।
जबकि इस दौरान जो भी प्रवेश करेगा, उसके लिए पास जारी कर दिए गए हैं। मेला मैदान के ऊपरी तरफ से बनाई गई टैक्सी पार्किग को भी नगर पंचायत ने हटा दिया है। दूसरी तरफ पुलिस और एलआईयू की टीमें भी नगर में सक्रिय हो गई है। भर्ती में दलालों और होटल व दुकानों में युवाओं से अधिक मूल्य वसूलने वालों पर इस दौरान विशेष नजर रखी जाएगी।
युवाओं के साथ उनके अभिभावक भी
भर्ती रैली को लेकर जनपद के सभी क्षेत्रों से युवा यहां पहुंचने लगे हैं। दोपहर तक करीब 1 हजार से अधिक युवा पहुंच चुके थे। कई युवा हवाई पट्टी में दौड़ सहित बीम का अभ्यास करते भी देखे गए। उधर कर्णप्रयाग में भी प्रात: 10 बजे के बाद से बाजार में युवाओं की भीड़ नजर आने लगी थी।
सैंज, सिलंगी क्षेत्र से आए कुछ युवाओं ने बताया कि उनके गांव सहित क्षेत्र से 3 सौ युवा सेना की भर्ती में जा रहे हैं। इधर जाख, पाडली, नौटी क्षेत्र से भी 4 सौ से अधिक युवा अपना बैग लेकर भर्ती के लिए गौचर के लिए रवाना हो गए थे।
गैरसैंण सहित पिंडरघाटी से भी शाम चार बजे तक युवाओं की भीड़ टैक्सी व अपने सगे-संबंधियों की मदद से गौचर पहुंचते रहे। कई युवाओं के साथ उनके अभिभावक भी थे। इस दौरान कई युवाओं द्वारा कमरा और भोजन की उचित व्यवस्था न होने की शिकायतें भी सामने आई।
जरूरी दस्तावेज जुटाते रहे युवा
सोमवार को कर्णप्रयाग पहुंचे विभिन्न क्षेत्रों के युवा अपने शैक्षिक व अन्य अभिलेखों की छाया प्रति के साथ ही फोटो की व्यवस्था करने में जुटे रहे। मुख्य बाजार स्थित छाया फोटो स्टूडियो के जीतेंद्र पंवार ने बताया कि उनके पास प्रात: 10 से 12 बजे तक फोटो बनाने के लिए 3 सौ से अधिक युवा पहुंच चुके थे। यही स्थि्ति बाजार में स्थित फोटो स्टेट की दुकानों में भी देखने को मिली।
फौज का हिस्सा बनना मेरा लक्ष्य है
नंदप्रयाग क्षेत्र के दिनेश सिंह, अमर, प्रेम और प्रकाश रावत ने बताया कि वे पहली बार सेना की भर्ती में शामिल हो रहे हैं। दिनेश का कहना था कि उसका लक्ष्य फौज का हिस्सा बनकर देश की सेवा करना है। सैन्य बाहुल्य देवाल ब्लाक के सवाड़ और नारायणबगड़ ब्लाक के रैंस गांव के कई युवा भी सेना में भर्ती होने पहुचे हैं।
भर्ती की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मैदान में अन्य के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। प्रात: 10 बजे के बाद हवाई पट्टी पर पहुंचने वाले युवाओं को शामिल नहीं किया जाएगा।
कर्नल बीके बग्गल भर्ती निदेशक सेना मुख्यालय लैंसीडाउन