थलसेना प्रमुख जनरल दलबीर सिंह ने सेना दिवस (15 जनवरी) पर प्रधानमंत्री राहत कोष के लिए 100 करोड़ रुपए का ‘डमी चेक’ पीएम नरेंद्र मोदी को सौंपा था, लेकिन राशि अब तक जमा नहीं हो पाई।
सेना ने अब जाकर प्रधानमंत्री कार्यालय को यह धनराशि सौंपने की प्रक्रिया शुरू की है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सूचना के अधिकार के तहत जानकारी दी कि राहत राशि अभी तक प्रधानमंत्री राहत कोष को प्राप्त नहीं हुई है। 15 जनवरी को सेना दिवस पर थल सेना अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री को चेक सौंप दिया था और इसकी बाकायदा तस्वीर के साथ विज्ञप्ति जारी की गई थी।
समारोह में रक्षा मंत्री मनोहर परिकर भी मौजूद थे। विज्ञप्ति में लिखा था कि सैन्य कर्मियों का एक दिन का वेतन काटकर सेना ने प्रधानमंत्री राहत कोष के लिए 100 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इस बाबत 24 जनवरी को सूचना के अधिकार में सेना मुख्यालय से जानकारी मांगी गई कि वेतन कटौती के लिए सैन्य कर्मियों की सहमति ली गई या नहीं।
अगर ली गई तो क्या सभी की रजामंदी है। सीडीए को वेतन कटौती के लिए भेजे गए आदेश की प्रति भी आवेदक ने मांगी।