देश का दूसरा सबसे महंगा एफएम चैनल देहरादून में शुरू होने जा रहा है। सूचना प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी सूची के मुताबिक रेड एफएम चैनल को देहरादून के लिए लाइसेंस मिल गया है। खास बात यह है कि कंपनी को यह लाइसेंस 15 करोड़ 61 लाख 590 रुपये में मिला है, जबकि देश में सबसे महंगा एफएम चैनल हैदराबाद में कॉल रेडियो लिमिटेड को मिला है।
उत्तराखंड बनने के बाद पहली बार कोई एफएम चैनल यहां दस्तक दे रहा है। अभी तक यहां केवल कम्युनिटी रेडियो ही चल रहे हैं। एफ एम के शौकीन श्रोता अब रेडियो एफएम चैनल का लुत्फ ले सकेंगे। सूचना प्रसारण मंत्रालय ने देशभर में एफ एम रेडियो फेज 3 के तहत 48 शहरों में एफएम चैनल खोलने को ई-निविदा की सूची जारी की है।
यह एफ एम चैनल लाइसेंस सरकार ने पांच लाख रुपये से लेकर 23 करोड़ रुपये तक में जारी किए हैं। सबसे महंगा एफएम चैनल 23,43,48,266 रुपये में हैदराबाद के लिए बिका है। देहरादून में एफएम चैनल खोलने की मारामारी की वजह से यहां साउथ एशिया एफ एम लिमिटेड ने सबसे महंगा चैनल खरीदा है।
इस चैनल के लिए कंपनी को 15,61,00,590 रुपये खर्च करने पड़े हैं। आगामी एक दो माह में यह चैनल देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में 93.5 की फ्रीक्वेंसी पर सुना जा सकेगा। चैनल का दायरा 50 किलोमीटर में होगा।