देहरादून में जीटीवी के नए रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट सिनेस्टार्स की खोज’ में ऑडिशन देने के लिए युवाओं और बुजुर्गों की भीड़ उमड़ पड़ी।
आगामी राउंड के लिए 15 का चयन
सुबह सात बजे से ही लंबी लाइनों में लगकर 600 से ज्यादा प्रतिभागियों ने अपनी कलाकारी दिखाई। देर शाम तक इनमें से कुल 15 का चयन आगामी राउंड के लिए किया गया।
गुरुवार को एसजीआरआर पब्लिक स्कूल पटेलनगर में ऑडिशन किए गए। सुबह सात बजे से युवाओं की भीड़ लंबी कतारों में पंजीकरण कराती नजर आई।
देर शाम तक ऑडिशन में चंडीगढ़, सहारनपुर, बिजनौर और देहरादून से करीब 600 प्रतिभागियों ने जजों के सामने अपनी अदाकारी दिखाई। इनमें से खबर लिखे जाने तक 15 का चयन दिल्ली में होने वाले द्वितीय राउंड के लिए किया गया।
जज प्रभात और मनुज शर्मा ने बताया कि थियेटर से जुड़े रहने वाले युवाओं ने दिल जीत लिया।
ऑडिशन के आयोजक पैशन रिडिफाइन के निदेशक धीरज सिंह ने बताया कि इलाहाबाद, जयपुर, बड़ौदा, कलकत्ता, दिल्ली, मुंबई सहित कुल दस शहरों में आडिशन होने हैं।
टीम ने की बदसलूकी
ऑडिशन देने आए थियेटर कलाकारों के साथ मुंबई से आई टीम ने बदसलूकी की। एक कलाकार ने जब ऑडिशन की प्रक्रिया पर आपत्ति जताई तो टीम के सदस्यों ने उनके साथ तू-तू, मैं-मैं शुरू कर दी।
मौके पर सभी थियेटर कलाकार विरोध करने लगे। कलाकार का आरोप था कि प्रथम राउंड में चयन होने के बावजूद सूची से उनका नाम हटा दिया गया। बाद में किसी तरह मामला सुलझ गया।
मैं सिनेस्टार बनकर दिखा दूंगा
छोटा कद होने की वजह स्कूल के दिनों में बच्चे परेशान करते थे। कई बार मैंने घर से निकलना बंद कर दिया।
पिताजी ने समझाया तो फैसला किया कि मजाक उड़ाने वालों को मैं कुछ बनकर दिखाऊंगा। आज मैं एक मोबाइल कंपनी में इंजीनियर हूं।
मैं यह दिखा देना चाहता हूं कि कम कद हुआ तो क्या हुआ, मैं भी स्टार बन सकता हूं। सहारनपुर से आए 34 वर्षीय सचिन धीमान ने कुछ इस अंदाज में ऑडिशन दिया। पूरी उम्मीद है यहां मौका मिलेगा।
पाकिस्तान की अभिनेत्री भी पहुंची
पाकिस्तान में एक टीवी सीरियल में काम कर चुकी दून के नेमी रोड निवासी शादमा भी ऑडिशन का नाम सुनकर खुद को नहीं रोक पाई।
दून में शादी के बाद से ही वह एक्टिंग से दूर हैं। एक माह की बेटी को घर छोड़कर दो साल के बेटे के साथ पहुंची शादमा ने बताया कि वह सिनेस्टार बनना चाहती हैं। उनका परिवार का पूरा सपोर्ट कर रहा है।
मां बेटा भी बनेंगे कलाकार
नेशविला रोड निवासी सुमन और बेटा अमन भी ऑडिशन देने आया। सुमन ने बताया कि वह स्कूल के दिनों में एक्टिंग करती थीं।
उनकी बड़ी बेटी शिव्या पंजाबी सिने जगत में बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम करती है। बेटी ने उन्हें एक्टिंग के प्रति प्रेरित किया तो वह ऑडिशन देने चली आई।
उम्र की सीमा नहीं
नाम भूपेंद्र तनेजा, उम्र 56 साल। अदाकारी की कोई सीमा नहीं होती। इसी सोच के साथ आए धर्मपुर निवासी भूपेंद्र ने भी जजों को खासा प्रभावित किया।
उन्होंने अभी तक डीडी पर कश्मीर की खोज, कलर्स चैनल के शैतान द क्रिमिनल में काम किया है। बताया कि वह यहां चयन होने के बाद वह आसानी से मुंबई वापसी कर सकेंगे।