लॉकडाउन और सीमा विवाद के बाद नेपाल ने सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। नेपाल के जूलाघाट स्थित सीमा पुल पर अस्थायी चौकी खोलकर जवानों की तैनाती कर दी हैं।नेपाल सरकार भारत से लगने वाली सीमाओं पर पांच सौ से अधिक बीओपी बनाने की योजना अप्रैल में ही बना चुकी है।
इसमें से 125 से अधिक बीओपी पर शसस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ ) के जवान तैनात किए जा चुके हैं। जूलाघाट में भी बीओपी पर एपीएफ के 25 जवान तैनात हो चुके हैं। पुल के पास शसस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ ) का अस्थायी बंकर बन रहा है, जहां से जवान अंतरराष्ट्रीय सीमा पुल पर के साथ ही सुरक्षा एजेंसियों पर नजर रख सकेंगे।
अभी तक यहां पर नेपाल प्रहरी के दो जवान, एक महिला कांस्टेबल और भंसार (कस्टम) के कर्मचारी तैनात रहते थे। लॉकडाउन की वजह से सीमा पुल 97 दिनों से बंद है। अंतरराष्ट्रीय सीमा खुलने के बाद नेपाल आने वाले लोगों के प्रति एपीएफ का क्या रवैया रहेगा, इस बारे में बाद में पता चलेगा।
एसएसबी के एक अधिकारी ने बताया कि नेपाल की ओर पुल के पास कुछ दिन पहले से जवानों के बैठने के लिए ढांचा बनते दिख रहा है। उस पार पुल के पास कुछ जवान भी तैनात हो चुके हैं। भारतीय क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही पुख्ता है। चौबीस घंटे सीमा की निगरानी की जा रही है।