डीएम रंजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में सम्मानित करेंगे
स्वच्छ भारत (ग्रामीण) की स्वच्छता रैंकिंग में बागेश्वर जिले ने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर दो अक्तूबर को डीएम रंजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में, जबकि जिले के सीडीओ एसएसएस पांगती को राज्यपाल केके पाल देहरादून में सम्मानित करेंगे।
ग्रामीण स्वच्छता एवं पेयजल मंत्रालय भारत सरकार ने स्वच्छ भारत (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वच्छता को लेकर देश भर में रैकिंग कराई। इसमें राष्ट्रीय स्तर पर बागेश्वर समेत 46 जिले पहले स्थान पर आए हैं। राज्य स्तर पर पहला स्थान पाने वाला बागेश्वर अकेला जिला है।
मालूम हो कि गांवों में शत प्रतिशत शौचालयों के निर्माण और बेहतर सफाई व्यवस्था के आधार पर जिलों का चयन किया गया है। इसके तहत भारत सरकार की ओर से गठित टीम के सदस्यों ने जिले की 416 ग्राम पंचायतों में प्रत्येक गांव में शौचालयों का निर्माण और सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया था।
पेयजल मंत्रालय की इंटरनेट साइट पर अपलोड हैं फोटोज
ग्रामीणों और ग्राम पंचायतों के सहयोग से महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली
जिले से स्वजल, विकासखंड और मनरेगा से निर्मित शौचालयों के फोटो, पेयजल मंत्रालय की इंटरनेट साइट पर अपलोड किए गए। अंत में जिले के तीनों विकासखंडों बागेश्वर, गरुड़ और कपकोट में अंतर ब्लॉक सत्यापन किया गया।
इसमें जिले की सभी ग्राम पंचायतों में शत प्रतिशत शौचालय पाए गए। गांवों की सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त मिली। इस आधार पर बागेश्वर जिले ने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया। स्वच्छता के क्षेत्र में जिले की इस उपलब्धि पर दो अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डीएम रंजना को विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में पुरस्कृत करेंगे। राज्य स्तर पर देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल केके पाल मुख्य विकास अधिकारी एसएसएस पांगती को सम्मानित करेंगे।
स्वच्छ ग्रामीण भारत में जिले को राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर पहला स्थान मिला है। ग्रामीणों और ग्राम पंचायतों के सहयोग से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। नगर में भी स्वच्छता के क्षेत्र में यह उपलब्धि हासिल हो इसके लिए प्रयास भी किए जा रहे हैं।
- रंजना, जिलाधिकारी, बागेश्वर