जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर बनी देश की सबसे लंबी सुरंग चेनानी-नाशरी (9.28 किमी) से भी लंबी सुरंग अब यहां बनने जा रही है। इसके लिए केंद्र सरकार ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह सुरंग 15.2 किमी की होगी।
जी हां, यह सुरंग उत्तराखंड के ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन पर बनने जा रही है। यहां देवप्रयाग से लछमोली तक 15.2 किमी रेल मार्ग सुरंग से होकर गुजरेगा।
अभी तक देश में रेलवे मंत्रालय की ओर से तैयार किए गए ड्राफ्ट के अनुसार कर्णप्रयाग तक रेल मार्ग पर 17 पुलों का निर्माण होगा। इस रेलवे लाइन का निर्माण कार्य वर्ष 2027 तक पूर्ण हो जाएगा।
राज्य के पहाड़ी जिलों को रेलवे मार्ग से जोड़ने के लिये ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के अधिकारियों द्वारा अंतिम ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है। ड्राफ्ट के अनुसार ऋषिकेश से कर्णप्रयाग (सिवांई) तक 125.2 किमी रेल मार्ग का निर्माण किया जाएगा।