आज मंगलवार को देहरादून स्थित कांग्रेस भवन में कार्यकर्ता एकत्र हुए और चीन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं चीन का झंडा जलाकर कर अपना गुस्सा जाहिर किया।
भारतीय जनता पार्टी कैन्ट विधानसभा जीएमएस मण्डल युवा मोर्चा ने विधायक हरबंस कपूर के नेतृत्व में बल्लीवाला चौक पर चीन का पुतला दहन किया गया, शहीद जवानों को नमन किया और युवा मोर्चा द्वारा चीनी सामान का पूर्ण रूप से बहिष्कार करने की अपील की गई। मण्डल अध्यक्ष बबलू बंसल, महामंत्री सुमित पाण्डेय, महामंत्री शेखर नौटियाल, सुमन सिंह, विकास बेनीवाल, अजय सिंह, संजीव उपाध्याय, भगत भण्डारी, चन्द्रसागर उनियाल, विजय भण्डारी, आशीष शर्मा मौजूद रहे।
चीन को मुंहतोड़ जवाब देने की मांग
मसूरी में कांग्रेस के द्वारा चीन मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। वहीं लोगों से चीन के सामान का बहिष्कार करने का आग्रह किया गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष गौरव अग्रवाल ने भारत सरकार से चीन को मुंहतोड़ जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि चीन लगातार भारत को नुकसान पहुंचा रहा है। ऐसे में चीन को जवाब देने का समय आ गया है।
उन्होंने भारत सरकार पर चीन के द्वारा भारत की जमीन पर लगातार घुसपैठ करने की बात को छुपाने का भी आरोप लगाया। कहा कि जब चीन द्वारा भारत की सीमा पर घुसपैठ किया गया, तभी मुठभेड़ हुई। जिसमें हमारे 20 जवान शहीद हो गए जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ऋषिकेश नगर निगम महापौर अनिता ममगाई ने भारत चीन सेना के बीच हुए खूनी संघर्ष में शहीद हुए देश के 20 जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। बुधवार को नगर निगम की ओर से आयोजित होने वाला अंबेडकर चौक मूर्ति अनावरण कार्यक्रम देश के 20 वीर सपूतों की शहादत के बाद स्थगित कर दिया गया।
भारत मां की जय के उद्घोष के बीच महापौर ने सर्वोच्च बलिदान देने वाले मां भारती के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि चीन ने एक बार फिर से साबित कर दिया है कि धोखेबाजी उसके खून में शामिल है। भारत सरकार चीन की हिमाकत पर माकूल जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों की शहादत से पूरा देश उबल रहा है। देश की सीमा पर तनाव है। भारत सरकार की ओर से भारतीय सेना को ग्राउंड लेवल पर हालात को देखते हुए फैसले के लेने के लिए स्वतंत्र कर दिया गया है जोकि दर्शाता है कि वर्तमान भारत 1962 का भारत नहीं है। भारतीय सेना दुश्मन को उसकी भाषा में जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने शहर वासियों से चीनी उत्पादों का बहिष्कार करने की अपील भी की।
चीन द्वारा सीमा पर किए गए दुस्साहस पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि चीन ने एक बार फिर भारत की पीठ पर छूरा घोंपा है। लद्दाख गलवां घाटी में हमारे बीस बहादुर शहीद हुए हैं। हम उनकी शहादत को व्यर्थ नहीं जाने देंगे।
हम भारतीय सेना के साथ हैं। पूरा भारत सेना के पीछे खड़ा है। हमारे दुश्मनों को ये बात समझनी चाहिए कि वो भारत जिसने 1971 में दुनिया के नक्शे पर वीरता की नई मिसाल कायम की थी, वो भारत जिसने 1965 की लड़ाई में पाकिस्तान को खदेड़ा था। वो भारत जिसने कारगिल की लड़ाई में पाकिस्तान को खदेड़ा। वह अपनी एक-एक इंच जमीन चीन से वापस लेगा।