स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा को लेकर पुलिस महकमा एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियां खासी सतर्क हैं। भारत-नेपाल सीमा पर कड़ी निगरानी के साथ ही होटलों में ठहरे यात्रियों, सार्वजनिक उपक्रमों एवं प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
एसपी धीरेंद्र सिंह गुंज्याल के निर्देश पर सीमा पर कड़ी चौकसी के साथ ही सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के साथ एसएसबी, सीआईएसएफ एवं खुफिया तंत्रों को खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रीय संपत्तियों के अलावा धार्मिक स्थलों पर भी पुलिस एवं सुरक्षा तंत्रों की पैनी नजर है। सीओ आरएस रौतेला ने बताया कि टनकपुर, बनबसा में संदिग्ध एवं अनजान व्यक्तियों के अलावा सीमा पर चोर रास्तों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी को कांबिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। ऊधमसिंह नगर से सटी सीमा पर भी खास चौकसी बरती जा रही है। इधर, एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट रूपेश शर्मा ने मंगलवार को बनबसा से उचौलीगोठ तक एसएसबी की बीओपी चेकपोस्टों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
टनकपुर बैराज बीओपी इंचार्ज एएसआई हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसएसबी के अमित कुमार, विजय कुमार सिंह, रोहित दास आदि जवान सुबह से ही दोनों देशों के बीच आवाजाही करने वालों की सघन चेकिंग में जुटे रहे। वहीं डॉग स्क्वायड दस्ता भी चेकिंग में डटा रहा।