- विधायक चमोली ने कहा, आरोप प्रत्यारोप की राजनीति नहीं पुलिस कार्रवाई का करें इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। भाजपा ने राजधानी में हुई अपराध की घटना को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने कहा कि सरकार का रुख सख्त और स्पष्ट है कि अपराधी किसी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे। आरोप प्रत्यारोप की राजनीति से बचते हुए सभी को धैर्य से पुलिस कार्रवाई का इंतजार करना चाहिए।
चमोली ने कहा कि पूरी घटना को लेकर पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता क्षुब्ध और चिंतित हैं। हम सभी इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिजनों के साथ हैं। उन्हें न्याय से लेकर सभी संभव मदद सरकार से दिलाने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध हैं। हमें विश्वास है कि जो भी इस अमानवीय घटना के दोषी हैं, वे शीघ्र कानूनी शिकंजे में कसे जाएंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के भी स्पष्ट निर्देश हैं कि हत्यारे पाताल में भी छिप जाएं, उन्हें ढूंढ कर कठोरतम सजा दिलवाई जाए।
उन्होंने विश्वास दिलाते हुए कहा, भाजपा सरकार अपराध को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। इससे पूर्व सभी प्रकरण के आरोपी सलाखों के पीछे हैं। किसी को अपने किए की सजा न्यायालय से मिल गई है तो कोई कानूनी प्रक्रिया से अपनी सजा का इंतजार कर रहा है। अब तक जिसने भी प्रदेश में कानून व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश की उसे कड़ा सबक सिखाया गया है। चमोली ने विपक्ष के नेताओं से भी आग्रह किया कि ये राजनीति करने का समय नहीं है। सभी पक्षों को बेहद जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ ही ऐसी घटनाओं पर प्रतिक्रिया देनी चाहिए।