लोकसभा चुनाव से ठीक पहले सीएम हरीश रावत का शिलान्यासों का पिटारा अब पंचायत चुनाव आचार संहिता लागू होने से ठीक पहले दोबारा खुल गया है।
सीएम ने पहले मंगलवार सुबह 253.8 करोड़ रुपये की 22 योजनाओं के शिलान्यास किया फिर आचार संहिता की घोषणा से आधा घंटा एक दर्जन शिलान्यास किए।
मुख्यमंत्री ने वैसे तो कई जनपदों में नई सड़क, पेयजल, विद्युत और नए संस्थान खोले लेकिन उनका फोकस डोईवाला और धारचूला विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक दिखा।
पंचायत चुनाव की घोषणा पर एक्टिव हुए सीएम
सीएम हरीश रावत ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही अपने चुनाव के लिए धरातल तैयार करना शुरू कर दिया है। सीएम हरीश रावत ने सुबह बीजापुर गेस्ट में 22 योजनाओं का शिलान्यास किया।
जनपद अल्मोड़ा के गरूड़ा बांज में 100 करोड़ रुपए से हरि राम टम्टा परंपरागत शिल्प उन्नयन संस्थान का निर्माण, पिथौरागढ़ के मुनिस्यारी में 10 करोड़ रु की लागत से पंडित नैनसिंह सर्वेयर माउंटेनियरिंग प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण सहित मोटर मार्गों का निर्माण व सौन्दर्यीकरण सम्मिलित हैं।
सर्वाधिक सड़क मार्ग को निर्माण नैनीताल जनपद में किया जाएगा। इसके अलावा चंपावत, बागेश्वर, टिहरी, पौड़ी और देहरादून की कुछ सड़कों का सुंदरीकरण भी शामिल है।
सचिवालय में सजे शिलापट्ट
राज्य निर्वाचन आयोग के पंचायत चुनाव के लिए आचार संहिता लागू करने के शाम चार बजे के निर्धारित कार्यक्रम से आधा घंटा पहले सचिवालय में एक दर्जन शिलापट्ट उद्घाटन के लिए सज गए।
इसमें धारचूला में दो नवसृजित विद्युत वितरण उपखंड, 33/11 केवी विद्युत उप संस्थान तवाघाट, डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में भोगपुर चौकी जाखन हैड पर बहुउद्देशीय बांध योजना का शिलान्यास, नवसृजित विद्युत वितरण खंड के शिलापट्ट का लोकार्पण किया।
इसके अलावा पिथौरागढ़ पंपिंग पेयजल योजना का शिलान्यास किया। जनपद चमोली की नवसृजित तहसील आदि बदरी का उद्घाटन भी किया गया। इस अवसर पर धारचूला विधायक हरीश धामी, मयूख महर, अनसूया प्रसाद मैखुरी मौजूद रहे।