दून में चल रहे फुटबाल टूर्नामेंट में रायपुर इलेवन ने शाश्वत के दम पर रुद्राक्ष इलेवन को 2-1 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। दूसरे मैच में थंडर बॉयज ने सिटी यंग्स को 1-0 से हराया।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में सोमवार को रायपुर इलेवन व रुद्राक्ष इलेवन के बीच पहला मैच खेला गया। खेल के 17वें मिनट में रुद्राक्ष इलेवन के फॉरवर्ड यश ने गोल दागकर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। 34वें मिनट में रायपुर इलेवन के फॉरवर्ड शाश्वत ने एक गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। 60 वें मिनट में एक बार फिर शाश्वत ने गोल दाग रायपुर इलेवन को 2-1 से जीत दिला दी।
वहीं, सिटी यंग्स व थंडर बॉयज के बीच खेला गया दूसरा मैच संघर्षपूर्ण रहा। खेल के 21वें मिनट में थंडर बॉयज के फॉरवर्ड रोहन ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। अंतिम सीटी बजते ही थंडर बॉयज की बनाई एक गोल की बढ़त निर्णायक साबित हुई।
इससे पहले उत्तराखंड शिवसेना प्रमुख गौरव कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि मैच का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बलिदानी वीर खड़क बहादुर बिष्ट के अदम्य साहस और बलिदान को उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरा देश नमन करता है। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ मिलकर अंग्रेजों के खिलाफ विद्रोह में अपना योगदान दिया। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। खेल न केवल शारीरिक सशक्तिकरण का माध्यम है, बल्कि यह युवाओं में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रप्रेम की भावना को भी प्रबल करता है। इस दौरान शिवम गोयल, वासु परविंदा, अमित डिमरी आदि मौजूद रहे।