न्याय पंचायत स्तरीय चौपाल में अधिकांश विभाग के अधिकारी नहीं पहुंचे
बिजली, पानी, स्वास्थ्य से संबंधित समस्याएं आईं सामने
अधिकारियों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी
विकासखंड कालसी के अंतर्गत ग्राम पंचायत झुसो भाकरौ में न्याय पंचायत स्तरीय चौपाल में बिजली, पानी, स्वास्थ्य से संबंधित समस्याएं सामने आईं। चौपाल में एक दर्जन से अधिक विभाग के अधिकारी नहीं पहुंचे। जिसके चलते चौपाल कार्यक्रम महज खानापूर्ति साबित हुआ।
चौपाल की अध्यक्षता ग्राम प्रधान अनील सिंह तोमर ने की। नोडल अधिकारी लोनिवि कालसी के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। अनुपस्थित विभागीय अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। चौपाल में लोनिवि साहिया से कोई सक्षम अधिकारी नहीं पहुंचे।
सिंचाई, पेयजल, राजस्व, खाद्य आपूर्ति, बिजली समेत एक दर्जन विभागों के अधिकारियों के न पहुंचने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने कहा कि यदि चौपाल में समस्याओं का समाधान न हो तो ऐसे कार्यक्रम का कोई फायदा नहीं है। पशु पालन, वन विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायत राज विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग, बाल विकास सहित कई विभागों के अधिकारियों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
केशर सिंह तोमर, गोपाल सिंह तोमर, शूरवीर सिंह तोमर,अमर सिंह चौहान आदि ने पाटन में सीवर लाइन बिछाने, साहिया पानुवा मोटर मार्ग की सुरक्षा दीवारों का निर्माण कराने की मांग उठाई। साहिया पशु चिकित्सालय में दवाएं न मिलने का भी मुद्दा उठाया। इस मौके पर एडीओ पंचायत चतर सिंह तोमर, ग्राम विकास अधिकारी अनिल शर्मा, बाल विकास परियोजना की सुपरवाइजर अल्पना सिंह, गंभीर सिंह चौहान, महेंद्र सिंह बिष्ट आदि मौजूद रहे।