भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड इस बार आठ जून को आयोजित होगी। इस दौरान दक्षिण पश्चिम कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल चेरिश मैथसन मुख्य अतिथि होंगे। वह परेड की सलामी लेंगे।
बता दें कि आइएमए प्रशासन ने परेड की तैयारियां शुरू कर दी है। परेड के लिए जेंटलमैन कैडेट ड्रिल स्कॉवयर पर जमकर पसीना बहा रहे हैं। आठ जून को आइएमए में पासिंग आउट परेड में न केवल भारतीय कैडेट अंतिम पग भरेंगे बल्कि मित्र देशों के विदेशी कैडेट भी पास आउट होंगे। चार जून को अकादमी में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिसमें शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट सम्मानित किए जाएंगे।
छह जून को कमान्डेंट परेड आयोजित होगी। सात जून को देश के लिए अपनी शहादत देने वाले आइएमए से पास आउट सैन्य अधिकारियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए जाएंगे। इसके अलावा लाइट एंड साउंड शो समेत कई कार्यक्रमों का आयोजन होगा।