ब्लड बैंक के कर्मचारियों को किया सम्मानित
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ब्लड बैंक ऑफ उत्तराखंड का 13वां स्थापना दिवस समारोह आईएमए ब्लड बैंक में धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर आईएमए ब्लड बैंक में सर्वाधिक रक्तदान कराने के लिए यूपीईएस देहरादून संस्था को सुभद्रा शाह के परिवार के सदस्यों ने ‘श्रीमती सुभद्रा शाह मेमोरियल पुरस्कार’ से सम्मानित किया। इस अवसर पर ब्लड बैंक के कई कर्मचारियोें को भी उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान सीनियर बीबीडी प्रमोटर्स एंड टीचर भारती बुधौली शर्मा, लैब टेक्नीशियन सुधीर कुमार शर्मा को ‘बेस्ट एम्पलाई अवार्ड’ जबकि स्टाफ नर्स सरिता राठौर, लैब टेक्नीशियन शैलेश रावत व लैब सहायक अंकित पाल को ‘प्रेसिडेंट एप्रिसिएशन अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि एसबीटीसी के निदेशक व उत्तराखंड राज्य एड्स कंट्रोल सोसायटी के अतिरिक्त परियोजना निदेशक डॉ. अर्जुन सिंह सेंगर ने कहा कि आईएमए ब्लड बैंक गंभीर मरीजों की जिंदगी बचाने को लेकर जो प्रयास करता है, वह सराहनीय है। ब्लड बैंक के अधिकारी व कर्मचारी मरीजों की जिंदगी बचाने का पुनीत कार्य करते हैं। समारोह के दौरान आईएमए ब्लड बैंक के सचिव डॉ. डीडी चौधरी ने ब्लड बैंक की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इससे आईएमए ब्लड बैंक सोसायटी ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष डॉ. आरएन सिंह, मुख्य अतिथि समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से समारोह की शुरुआत की।
कार्यक्रम में ब्लड बैंक के उपाध्यक्ष डॉ. गिरीश गोयल, संयुक्त सचिव डॉ. एसएल गुप्ता, कोषाध्यक्ष डॉ. हरीश कोहली, डॉ. बीएस जज, डॉ. अजय खन्ना, डॉ. एसएस असवाल, डॉ. एसके गुप्ता, रजनीश गोयल, डॉ. एसबी सेठी, डॉ. केएन छाबड़ा, डॉ. संजय उप्रेती समेत भारी संख्या में डॉक्टर व ब्लड बैंक के विशेषज्ञ व कर्मचारी उपस्थित थे।