पुलिस ने घटना की जानकारी होने से किया इंकार
एक अधिकारी की अवैध खनन करने वालों ने जमकर धुनाई कर दी। चर्चा है कि अधिकारी को मारपीट में गंभीर चोटें आई हैं। उनका दून स्थित किसी निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि पुलिस ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इंकार किया है।
बताया जा रहा है कि बीते बृहस्पतिवार की रात्रि को अधिकारी भाऊवाला क्षेत्र में पहुंचे। जहां उन्होंने अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर ट्राॅली पकड़ी। जिसे एक कर्मचारी की सुपुर्दगी में देकर राजावाला की तरफ लौट गए। बताया जा रहा है कि अवैध खनन करने वाला उनका पीछा करते हुए राजावाला पहुंच गए। जहां उनके साथ हाथापाई और मारपीट की गई, जिसमें चोटें आई। इस बात को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे कि आखिर बिना पुलिस के सहयोग से निगम के अधिकारी कार्रवाई के लिए क्यों पहुंचे। जिस अधिकारी से मारपीट की चर्चाएं हैं, उनका फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है। थानाध्यक्ष सेलाकुई मोहन सिंह ने बताया कि उन्हें किसी अधिकारी से मारपीट की कोई जानकारी नहीं है। सिर्फ अधिकारी के साथ मारपीट होने की अफवाहें हैं।