देहरादून। निजी स्कूल में छात्राओं से छेड़खानी के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़िता की मां ने पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने शुक्रवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर पुलिस पर मामले में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह दो नवंबर से स्कूल के बाहर धरने पर बैठ जाएंगी।
पीड़िता की मां ने कहा कि मामले में डालनवाला कोतवाली में आरोपी शिक्षक, स्कूल के प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है। पीड़िता के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं, इसके बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुलिस के पास शिकायत और पीड़िता के बयान मौजूद हैं तो कार्रवाई में देरी क्यों की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल में करीब 15 छात्राओं ने शिक्षक के अनुचित व्यवहार की शिकायत की थी। इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन ने शुरुआत में मामले को दबाने का प्रयास किया। शिकायत करने पर उन्हें स्कूल परिसर में ही रोक लिया गया और छात्राओं को घर पर इस संबंध में कुछ न बताने के लिए कहा गया। पीड़िता की मां ने कहा कि मामला सार्वजनिक होने और विरोध के बाद पुलिस ने प्राथमिकी तो दर्ज कर ली, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी कि दो नवंबर से स्कूल के बाहर धरना शुरू करेंगी और गिरफ्तारी होने तक पीछे नहीं हटेंगी।