एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था वी मुरुगेशन ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में जिले के अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर वर्तमान में चल रहे अभियानों की समीक्षा की। उन्होंने कहा, यदि किसी मकान मालिक ने बिना सत्यापन के ऐसे व्यक्ति को किराये पर रखा, जिसकी आपराधिक पृष्ठभूमि सामने आती है, तो उस मकान मालिक के खिलाफ भी आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा।
बैठक में कहा गया कि जो मकान मालिक अपने मकान या अपार्टमेंट को किराये पर देकर स्वयं बाहर रहते हैं और किरायेदारों का पुलिस सत्यापन नहीं कराते, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से बड़ी सोसाइटी और पॉश कॉलोनियों में भी बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बता दें कि झारखंड के गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के बाद सोसायटियों में रह रहे आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का सत्यापन न होने पर सवाल उठे थे। इसके बाद शुरू ऑपरेशन क्रैकडाउन में पुलिस ने सोसायटियों, पॉश कॉलोनियों और बहुमंजिला इमारतों में रह रहे लोगों के सत्यापन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
I
I
Iऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत 1600 के खिलाफ कार्रवाई
I
दून पुलिस के ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत पिछले 12 दिनों में बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई है। इस दौरान 1600 से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वहीं किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराने वाले 800 से अधिक मकान मालिकों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए 80 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है।
I
I
Iऑपरेशन स्माइल और लावारिस शवों की पहचान पर जोर
I
बैठक में ऑपरेशन स्माइल के तहत गुमशुदा व्यक्तियों और बच्चों की तलाश से जुड़ी कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गुमशुदा की तलाश में सर्विलांस और मैन्युअल दोनों तरीकों से लगातार प्रयास किए जाएं। इसके अलावा लावारिस शवों की पहचान के लिए बनाई गई एसओपी के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।