-पूर्व सीएम ने जनसांख्यिकीय परिवर्तन पर भाजपा पर किया पलटवार
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड में जब जमीन बचेगी तभी हमारी पहचान भी बचेगी। भाजपा सरकार बार-बार जनसांख्यिकीय परिवर्तन की बात कर रही है। जब जमीनें बिक रही है तो राज्य में डेमोग्राफिक बदलाव नहीं होगा तो और क्या होगा।
हरीश रावत ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि राज्य डेमोग्राफी बदलने का मुख्य कारण हमारी सारी जमीनें बिक रही हैं। जमीन बिकने से डेमोग्राफी परिवर्तन आता है, इससे राज्य की ज्योग्राफी नहीं बदलती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि अपनी जमीन को बेचना नहीं है। भले ही आपस में बेच लीजिए लेकिन किसी बाहरी को न बेचें। जमीन को अपनी आगे आने वाली पीढ़ियों के लिए बचाकर रखना है।