लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी में 92वें स्थापना पाठ्यक्रम के प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि युवा अधिकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यू इंडिया के सपने को साकार करने में अपना योगदान दें।
उन्होंने कहा कि आपको लोगों की सहायता के लिए कठिन कार्य करना है। अपने कठिन परिश्रम से लोगों के बीच विश्वास की भावना पैदा करनी है। राजनाथ ने कहा कि जो लोग आपके पास अपनी समस्याएं लेकर आते हैं, उनसे अधिकारियों को सहानुभूति से पेश आना चाहिए। ईश्वर ने आपको मानवता और देश के सामान्य नागरिकों की सेवा का सुअवसर दिया है।
युवा आईएएस अधिकारियों को सतर्क करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि उन्हें अपने अहम को टालना चाहिए। क्योंकि अहम दशमलव अंक के समान है, जिसे यदि अंक से पूर्व लगा दिया जाए तो अंक का मूल्य घट जाता है। उन्होंने युवा अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आपको उच्च नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहना चाहिए और आदर्श बनना चाहिए, ताकि लोग आपका अनुकरण कर सकें।