जालंधर (पंजाब) के नकोदर रोड पर स्थित लवली मार्बल के समीप रहने वाले हरीश चौहान के खिलाफ सेलाकुई थाने में जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज हुई है। उनकी पत्नी ने आरोप लगाया कि पति उन्हें और बच्चों को लगातार धमका रहा है।
थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने बताया कि इक्फाई यूनिवर्सिटी के समीप रहने वाली उमा चौहान ने शिकायत दी। उमा के मुताबिक, उनकी शादी वर्ष 2001 में हरीश से हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। घरेलू विवाद, लड़ाई-झगड़े और पति के नशे की आदत के कारण वह पिछले 10 साल से अलग रह रही हैं। उमा ने बताया कि उनके और पति के बीच बीते पांच साल से फैमिली कोर्ट में बच्चों के भरण-पोषण और तलाक का केस चल रहा है। कोर्ट ने हरीश के खिलाफ वारंट भी जारी किए हैं। उनका आरोप है कि पंजाब में उनके नाम पर संपत्ति है, जिस पर हरीश का कब्जा है। इसी रंजिश में वह पिछले कई दिनों से उन्हें और बच्चों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। उमा ने धमकी की रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है। संवाद