हरबर्टपुर। लोगों को फेफड़ों की सेहत और स्वच्छ हवा के प्रति जागरूक करने के लिए बुधवार को लेहमन अस्पताल की ओर से पांच किलोमीटर की मैराथन आयोजित की गई। तहसील चौक से शुरू हुई रन फॉर लंग्स और ब्रीथ फॉर लाइफ दौड़ में सैकड़ों प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। पुरुष, महिला और दिव्यांग वर्ग में आयोजित दौड़ के माध्यम से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
मैराथन का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने हरी झंडी दिखाकर किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और युवाओं ने पूरे जोश के साथ दौड़ में प्रतिभाग किया। दिव्यांग प्रतिभागियों ने व्हीलचेयर दौड़ में हिस्सा लेकर आत्मविश्वास और हौसले की मिसाल पेश की। आयोजकों ने बताया कि नवंबर में फेफड़ों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाए जाते हैं। इसी उद्देश्य से मैराथन का आयोजन किया गया।
बालिका वर्ग में तनुश्री ने पहला, काजल ने दूसरा और वंदना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में रिजवान प्रथम, नितिन द्वितीय और गुरविंदर सिंह तृतीय रहे। दिव्यांग वर्ग की व्हीलचेयर दौड़ में शाहरुख ने पहला, जीशान ने दूसरा और अनुग्रह रॉबर्ट ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख जसविंदर सिंह बिट्टू, संजय गुप्ता, संजय जैन, उपनिरीक्षक प्रभारी मयंक त्यागी, अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ. मैथ्यू सैमुअल और मेडिकल डायरेक्टर अजीत मैथ्यू सहित अस्पताल के चिकित्सक, कर्मचारी और विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी मौजूद रहे।
जितेंद्र जोशी