सेलाकुई थाना क्षेत्र में सारना नदी में बहकर आया मानव कंकाल टापू के किनारे पर फंस गया। पुलिस टीम ने कंकाल को बाहर निकाला। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम ने कंकाल से साक्ष्य एकत्र करने के साथ डीएनए भी सुरक्षित किया।
थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि शनिवार को रेतीवाला निवासी राजेश मल्ल ने गुर्जरों के डेरे के पास सारना नदी में बने एक टापू पर मानव कंकाल दिखाई देने की सूचना दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मानव कंकाल नदी के बीच एक टापू पर फंसा हुआ है। सारना नदी उफान पर थी। पुलिसकर्मी नदी को पार कर टापू तक पहुंचे। पुलिसकर्मी कंकाल को किनारे लेकर आए। सूचना पर एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने मानव कंकाल से साक्ष्य एकत्र किए। डीएनए को भी सुरक्षित किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि डीएनए जांच के बाद कंकाल के बारे जानकारी मिल पाएगी।