-अंग्रेजी शराब की 11 और बीयर की दो पेटी मिली, जीप जब्त
- विकासनगर बाजार स्थित ठेके से खरीदी थी शराब
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। कोतवाली पुलिस ने डाकपत्थर चौक के पास एक जीप से अंग्रेजी शराब की 11 पेटी और बीयर की दो पेटी पकड़ी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह विकासनगर बाजार स्थित ठेके से शराब और बीयर खरीद कर लाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। जीप को सीज कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बाजार पुलिस टीम सोमवार शाम को क्षेत्र में गश्त कर रही थी। बताया कि पहाड़ी गली के पास एक मुखबिर ने बाजार क्षेत्र से एक सफेद रंग की जीप से शराब तस्करी की सूचना दी थी। पुलिस ने डाकपत्थर चौक के पास जीप को चेकिंग के लिए रोका। कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि जीप में केवल चालक सवार था।
उन्होंने बताया कि जीप की पीछे वाली सीट के पास अंग्रेजी शराब की 11 पेटी मिलीं। जीप की बीच की सीटी पर बीयर की दो पेटी रखी मिलीं। जीप चालक ने अपना नाम कालसी निवासी दीवान दास बताया। उसने बताया कि वह विकासनगर ठेके से शराब और बीयर खरीद कर चकराता के नागथात जा रहा था। बताया कि शादी में कॉकटेल पार्टी के लिए शराब लेकर जा रहा था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। बताया कि जीप को सीज कर दिया गया है।