लोक निर्माण विभाग की लापरवाही की वजह से राष्ट्रपति के दौरे के लिए मसूरी में बिछाई गई हॉट लाइन की केबल कट गई। सड़क मरम्मत के दौरान जेसीबी से 200 जोड़ी अन्य केबल भी कट गई।
दूरसंचार निगम के अफसरों ने लोनिवि के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में 18 को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर दूरसंचार निगम ने हॉट लाइन बिछाई थी।
200 पेयर केबल बिछाई
दूरसंचार निगम के एसडीओ गणेश कोठारी ने बताया कि लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी तक 200 पेयर केबल बिछाई जा रही थी। इसमें हॉट लाइन भी थी।
रविवार रात सड़क मरम्मत के दौरान लोक निर्माण विभाग की जेसीबी से केबल कट गई। लोनिवि के अभियंताओं ने इसकी सूचना दूरसंचार निगम को देने के बजाय केबल को मिट्टी से दबा दिया।
सूचना पुलिस में दी गई
एसडीओ कोठारी ने बताया कि इससे पहले किंक्रेग पर 200 पेयर की केबल चोरी हो गई थी। दोनों मामलों की सूचना पुलिस में दी गई है।