देहरादून। हॉस्टल में नौ साल के बच्चे का यौन उत्पीड़न करने वाले वार्डन को स्पेशल फास्ट ट्रैक जज मंजू सिंह मुंडे की कोर्ट ने पांच साल साधारण कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने दोषी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इसके साथ ही हॉस्टल के कुक को मारपीट का दोषी करार देते हुए उस पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही पीड़ित बच्चे को एक लाख रुपये मुआवजा दिलाने के आदेश भी कोर्ट ने दिए हैं। इस मामले में एक तीसरा आरोपी था जिसकी ट्रायल मृत्यु होने के बाद कार्यवाही को समाप्त कर दिया गया था।
जानकारी के अनुसार मामला वर्ष 2020 का थाना रायपुर क्षेत्र का है। पीड़ित बच्चा एक स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था। उसकी मां ने छह जून 2020 को पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि हॉस्टल के वार्डन हरीश ने बच्चे के साथ गलत हरकतें कीं और उसके साथ मारपीट भी की। शिकायत में हॉस्टल के रसोइये रघुवीर दयाल उर्फ रघु पर भी बच्चे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया था। पीड़ित की मां के मुताबिक, बच्चा हॉस्टल में रहने के दौरान कई बार परेशान किया गया।
आरोप था कि वार्डन उससे हॉस्टल में साफ-सफाई का काम करवाता था और उसे डराकर किसी को कुछ नहीं बताने की धमकी देता था। बच्चे ने घर पहुंचने पर अपनी मां को आपबीती बताई। पुलिस ने हरीश के खिलाफ मारपीट और पोक्सो की धाराओं में चार्जशीट दाखिल की। जबकि, रघु को मारपीट का आरोपी बनाया। शासकीय अधिवक्ता किशोर कुमार ने बताया कि इस मामले में कुल छह गवाह बनाए गए थे। इनके आधार पर कोर्ट ने दोनों को सजा का ऐलान कर दिया।