देहरादून के एक बैंक में सफाई का काम करने वाली राखी को उसके झाड़ू ने सबका चहेता बना दिया। जीएमएस रोड स्थित उत्तराखंड ग्रामीण बैंक में सफाई का काम करने वाली राखी को गुरुवार की सुबह बैंक में झाडू लगाते वक्त एक सोने की झुमकी मिली।
राखी को इसकी कीमत का अंदाजा था। लेकिन अपने ईमान पर कायम होकर राखी ने इस झुमकी को ले जाकर अपने शाखा प्रबंधक प्रवीण कुमार गोयल के हवाले कर दिया।
शाखा प्रबंधक ने पहले दिन लाकर का संचालन करने वाले ग्राहकों से संपर्क किया तो एक महिला ग्राहक ने अपनी झुमकी खो जाने की बात कही।
झुमकी मिल जाने की बात पर बेहद उत्साहित यह महिला ग्राहक दूसरी झुमकी लेकर बैंक पहुंची तो बताया कि पर्स से पैसे निकालते हुए गलती से यह झुमकी गिर गई। पूरी तसल्ली करने के बाद शाखा प्रबंधक ने यह झुमकी उस महिला ग्राहक को सौंप दी।
उधर, राखी की इस ईमानदारी पर उसे बैंक की ओर से उसे पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। शाखा प्रबंधक गोयल के अनुसार झुमकी की कीमत तकरीबन 25 हजार होगी। जहां मामूली रकम के लिए लोग खून करने पर उतर आते हैं, राखी की ईमानदारी एक मिसाल है।
फेसबुक पर अपनी राय देने के लिए यहां क्लिक करें