उत्तराखंड स्थित एचएमटी ब्रांच रानीबाग के कर्मचारी रोजगार बचाने के लिए परिवार के साथ सड़क पर उतरे। कर्मियों ने बुद्ध पार्क से एसडीएम कोर्ट तक जुलूस निकाला।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। एचएमटी कर्मियों के आंदोलन को भाजपा-कांग्रेस समेत तमाम संगठनों ने समर्थन दिया। एचएमटी संयुक्त संघर्षशील मोर्चा के बैनर तले 18 फरवरी से कर्मचारी फैक्ट्री बचाने को अनिश्चितकालीन धरना कर रहे हैं।
मंगलवार को एचएमटी कर्मी बुद्ध पार्क पर परिवार के साथ एकत्र हुए। कर्मियों ने परिवार के साथ प्रदर्शन कर रैली निकाली। एसडीएम कोर्ट में राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम पंकज उपाध्याय को सौंपा।
ज्ञापन में उद्योग के लिए कोई अप्रिय निर्णय लेने से पहले पांचों सांसदों और श्रम संघों को विश्वास में लेने की बात कही गई है। उच्च प्रबंधन की ओर से एचएमटी वाच ग्रुप के बंदी के प्रस्ताव को गुमराह करने वाला बताया गया है।
ज्ञापन देने वालों में महेंद्र सिंह बिष्ट, सुनील डोभाल, नारायण राम आर्या, शंकर दत्त तिवारी, माधवानंदन जोशी, प्रकाश चंद्र मिश्रा, सतपाल, हीरालाल आदि थे।
एचएमटी कर्मियों के जुलूस में पूर्व केंद्रीय मंत्री बची सिंह रावत, मेयर डा. जोगेंद्र रौतेला, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, शहर अध्यक्ष हरीश सिंह मेहता, ब्लाक प्रमुख भोला दत्त भट्ट, मोहन सनवाल, ललित जोशी, हेमंत बगड़वाल, राहुल छिम्वाल, ताहिर हुसैन, इकबाल सिद्दीकी आदि थे।
प्रांतीय युवा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष जसविंदर सिंह भसीन, सुमित केसरवानी, विशाल वर्मा, राजेंद्र बमेठा, दिनेश अग्रवाल आदि थे, जबकि श्री गुरु तेग बहादुर सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल की प्रबंध समिति ने भी समर्थन दिया।