संपूर्णानंद सेंट्रल जेल के एक कैदी में एचआईवी/एड्स की पुष्टि हो गई है। हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) के एआरटी सेंटर से पुष्टि के बाद रोगी का इलाज भी शुरू हो गया है।
हल्द्वानी जेल से एक साल पहले यहां शिफ्ट किए गए ऊधमसिंह नगर निवासी 30 वर्षीय कैदी के मई में पेट में दर्द होने पर जेल के फार्मेसिस्ट ने पथरी की आशंका जताते हुए उसे हल्द्वानी के एसटीएच में भर्ती कराया। अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया और एआरटी सेंटर से भी उसकी जांच कराई। इस पर जांच में कैदी में एचआईवी/एड्स के लक्षण सामने आए थे। इससे जेल के अधिकारी और कर्मचारी सकते में आ गए थे।
रविवार को जेलर जयंत पांगती ने बताया कि हल्द्वानी में जांच के बाद कैदी में एचआईवी की पुष्टि हो गई है। कैदी का एआरटी सेंटर से इलाज कराया जा रहा है। समय-समय पर जांचें भी होती रहेंगी। बता दें कि जेल में एक और एचआईवी का कैदी सजा काट रहा है। दूसरे की पुष्टि के बाद अब एड्स रोगी कैदियों की संख्या भी दो हो गई है। जेलर ने बताया कि इसकी रिपोर्ट आईजी जेल डॉ. पीवीके प्रसाद और शासन को भी भेजी गई है।