हिंदू जागरण मंच ने उत्तराखंड में पद्मावती फिल्म का विरोध करने का ऐलान किया है। मंच के प्रदेश संगठन मंत्री भगवान सिंह कार्की ने कहा है कि धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली फिल्म का प्रदर्शन बर्दास्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि उत्तराखंड में पद्मावती फिल्म दिखाई गई तो उसका नुकसान भुगतने के लिए भी तैयार रहना होगा।
कार्की ने आरोप लगाया कि फिल्म में इतिहास के तथ्यों को गलत ढंग से पेश किया गया है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्की ने बताया कि हिजामं प्रदेश भर में नशे के खिलाफ आंदोलन चलाएगा और इसकी शुरुआत हरिद्वार से हो चुकी है।
उन्होंने मंच की ओर से बागेश्वर में 19 नवंबर को प्रस्तावित युवा सम्मेलन पर भी चर्चा की। कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को नशे से मुक्त करना है। इसका शीर्षक भी नशा मुक्त उत्तराखंड, नशा मुक्त युवा होगा। उन्होंने कहा कि नशे के कारण युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है।