2000 मीटर पर थमी बर्फबारी
तापमान में बढ़ोतरी का असर बर्फबारी के पैटर्न पर साफ दिख रहा है। जहां पहले 2000 मीटर की ऊंचाई तक बर्फ गिरती थी, वहीं अब यह सीमा बढ़कर लगभग 2500 मीटर तक पहुंच गई है। इसका असर प्राकृतिक जलस्रोतों और पारंपरिक जलधाराओं पर पड़ रहा है। साथ ही सेब, नाशपाती और अन्य शीतकालीन फसलों के उत्पादन पर भी नकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।
पश्चिमी विक्षोभ का चक्र बदला
जलवायु परिवर्तन के चलते पश्चिमी विक्षोभ का समय-चक्र भी बदल गया है। एक दशक पहले जहां यह दिसंबर से फरवरी के बीच सक्रिय था, अब फरवरी से अप्रैल तक खिसक गया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि देर से होने वाली बर्फबारी ग्लेशियरों के पुनर्भरण में उतनी प्रभावी नहीं होती, जिससे जलस्रोतों का स्तर सुधर नहीं पाता।
ये भी पढे़ं...Hemkund Sahib: यात्रा मार्ग पर आठ फीट से अधिक बर्फ, हटाने के लिए सेना के जवान रवाना, 23 मई को खुलने हैं कपाट
तेजी से पीछे हट रहे ग्लेशियर
वैज्ञानिकों ने बताया कि पिछले 100 वर्षों के आंकड़ों से स्पष्ट है कि हिमालय अपने बड़े ग्लेशियरों को लगातार खो रहा है। हाल के पांच वर्षों के अध्ययन में पाया गया है कि तापमान वृद्धि के कारण कई ग्लेशियर औसतन करीब 15 से 20 मीटर तक पीछे खिसक चुके हैं।
हिमालय में तापमान वृद्धि और मानवीय गतिविधियों के कारण ग्लेशियर तेजी से सिकुड़ रहे हैं। विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाना बेहद जरूरी है, अन्यथा इसके दूरगामी दुष्परिणाम सामने आएंगे। - डॉ. नरेंद्र सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक, एरीज नैनीताल।