उत्तराखंड में शिकारियों पर लगाम कसने के लिए वन विभाग अब हाईटेक 'जाल' बिछाने की तैयारी में है। वन्यजीवों के शिकार की घटनाओं में आ रही तेजी के मद्देनजर विभाग ने यह कदम उठाया है।
हाल ही में राजाजी और जिम कार्बेट नेशनल पार्कों के लिए चार मेटल डिटेक्टर भेजे गए हैं। ये डिटेक्टर सेंसर की मदद से जमीन के नीचे गहरे छिपाए गए फंदों को पकड़ने में सक्षम हैं।
प्रदेश के चीफ एंटी पोचिंग सेल डॉ. धनंजय मोहन ने बताया कि ट्रैफिक इंडिया संस्था के सहयोग से दोनों पार्कों में दो-दो मेटल डिटेक्टर भेजे गए हैं।
बताया कि आम मेटल डिटेक्टरों के मुकाबले ये डिटेक्टर अत्याधुनिक, बड़े और मजबूत सेंसरों से लेस हैं। खास बात यह है कि इनसे जमीन में चार फुट नीचे तक जंगली जानवरों को पकड़ने के लिए लगाए जाल और क्लच वायर के फंदे आसानी से पकड़े जा सकते हैं।