राजधानी में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को हाईपावर कमेटी ने अपनी मंजूरी दे दी है। इस बार नए सिरे से कसरत करने के बाद प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की गई थी। मंगलवार को मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस पर मुहर लगा दी गई।
केंद्र सरकार ने देशभर में स्मार्ट सिटी की घोषणा की थी। इसके लिए देहरादून का भी चयन हुआ था लेकिन, पहले बनाई गई रिपोर्ट रिजेक्ट हो गई थी।
फीडबैक के बाद नए सिरे तैयार हुई रिपोर्ट
केंद्र ने राज्य को नए सिरे से रिपोर्ट तैयार करने को कहा था। इस पर स्मार्ट सिटी के लिए ऑनलाइन फीडबैक के आधार पर नई रिपोर्ट तैयार की गई।
मंगलवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हाईपावर कमेटी की सचिवालय में बैठक हुई। बैठक में प्रोजेक्ट रिपोर्ट के कई बिंदुओं पर चर्चा हुई। अंत में कमेटी ने स्मार्ट सिटी रिपोर्ट को हरी झंडी दे दी। रिपोर्ट अब केंद्र को भेजी जाएगी। 21 अप्रैल से पहले केंद्र में रिपोर्ट जमा करानी जरूरी है।