नागरिक उड्डयन विभाग के निदेशक आशीष भटगाईं ने बताया कि जौलीग्रांट हवाई अड्डे से कोटी कॉलोनी और श्रीनगर के लिए हेली सेवाएं शुरू की जा रही हैं। इसके लिए विभाग की एक टीम कर्नल समीर के नेतृत्व में कोटी कॉलोनी पहुंची है।
कोटी को मानकों के अनुसार पाया है। सरकार ने यहां पर एक करोड़ 50 लाख की धनराशि से जून 2019 में तीन हेलीपैड और सड़क का निर्माण किया था। साथ ही अन्य सुविधाएं भी यहां जुटा दी हैं। टिहरी विधायक धन सिंह नेगी ने कहा कि कोटी में हेली सेवा शुरू करने की सभी तैयारियां हो चुकी हैं। हेली सेवा शुरू होने से यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी।
गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि परिवहन पर्यटन एवं संस्कृति संसदीय समिति ने उन्हें यह आश्वासन दिया है। रावत समिति के सदस्य हैं। रावत के अनुसार, बृहस्पतिवार को नई दिल्ली में संसदीय समिति की बैठक हुई। जिसमें उन्होंने उत्तराखंड से संबंधित पर्यटन, परिवहन एवं संस्कृति से जुड़ी योजनाओं को रखा।
उन्होंने समिति को सुझाव दिया कि प्रदेश में पंतनगर और पिथौरागढ़ एयरपोर्ट से नियमित हवाई सेवा होनी चाहिए। हवाई कनेक्टिविटी से प्रदेश के सीमांत जिले को बहुत बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने रीजनल कनेक्टिविटी योजना के तहत गोचर और चिन्यालीसौड़ से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू कराने के लिए केंद्रीय मंत्रालय को बधाई दी।