एक माह में चौथी दुर्घटना
चारधाम यात्रा शुरू होने के 38 दिनों में हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की यह चौथी घटना है। मई माह के पहले सप्ताह में गंगोत्री क्षेत्र में हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था। उसमें पायलट सहित छह लोगों की मौत हो गईं थी। 12 मई को बदरीनाथ में हवा के दबाव के कारण एक हेलिकॉप्टर हेलिपैड पर रपट गया था। 17 मई को केदारनाथ धाम से मरीज को लेने जा रही एम्स ऋषिकेश की हेली एंबुलेंस को हेलिपैड के समीप इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। 7 जून को केदारघाटी के बडासू में केदारनाथ के लिए जा रहे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई है।
ये भी पढ़ें...Rainfall: मेघों को उत्तराखंड पसंद; हिमाचल, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों से अधिक बरसते हैं यहां बदरा
वहीं बीते आठ मई को ही गंगोत्री धाम जा रहा एक हेलिकॉप्टर गंगनानी के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस घटना में पांच महिलाओं समेत छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। गंगनानी का हेलिकॉप्टर हादसा बहुत भयावह था। वहां पर खोज-बचाव अभियान चला रहे अधिकारी कर्मचारियों ने बताया कि घटना में हेलिकॉप्टर के भी दो टुकड़े हो गए थे। वहीं दो शव हेलिकॉप्टर में ही फंस गए थे। उन्हें निकालने के लिए हेली को काटना पड़ा था। वहीं करीब 200 मीटर गहरी खाई में रेस्क्यू अभियान चलाना बहुत मुश्किल था।