जोशियाड़ा में हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सहस्त्रधारा हेलीपैड से जोशियाड़ा के लिए संचालित एक हेलिकॉप्टर सेवा को शुक्रवार को अचानक मौसम खराब होने और तेज आंधी-तूफान का सामना करना पड़ा। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर की आपातकालीन एवं एहतियाती लैंडिंग चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर कराई।
जानकारी के अनुसार, हेलिकॉप्टर में उस समय कुल पांच यात्री सवार थे। अचानक मौसम में आए बदलाव के कारण दृश्यता प्रभावित होने और उड़ान के लिए अनुकूल परिस्थितियां न रहने पर यह निर्णय लिया गया। चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों को कुछ समय तक सुरक्षित स्थान पर रोका गया। हवाई अड्डा प्रशासन और संबंधित कर्मियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी।
सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित
कुछ देर बाद जब मौसम सामान्य हुआ और आसमान साफ दिखाई देने लगा, तब हेलीकॉप्टर ने पुनः सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए सुरक्षित उड़ान भरी। इसके बाद सभी यात्री सड़क मार्ग से उत्तरकाशी के लिए रवाना हुए। इस पूरे घटनाक्रम में किसी प्रकार की कोई अप्रिय स्थिति नहीं बनी। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे।
ये भी पढे़ं...SIR: उत्तराखंड की मतदाता सूची हुई फ्रीज, अभी नए वोटर नहीं बनेंगे, 15 सितंबर को प्रकाशित होने के बाद हटेगी रोक
बताया जा रहा है कि एडीजी अमित सिन्हा भी इस हेलि में बैठकर आए। वे शनिवार को एनआईएम में होने वाले एक दीक्षांत समारोह कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। उप जिलाधिकारी डुंडा देवांनद शर्मा ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए ऐसी परिस्थितियों में सुरक्षा सर्वोपरि रहती है। पायलट की तत्परता और निर्णय से एक संभावित जोखिम टल गया।