राजधानी देहरादून में मंगलवार को सुबह गरज के साथ झमाझम बारिश हुई। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले सोमवार रात से ही दून व आसपास के इलाकों में बारिश हुई।
मंगलवार तड़के से ही आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। मौसम विभाग ने इस संबंध में पहले ही अलर्ट जारी किया था। इसके साथ ही पौड़ी में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा और बारिश के साथ हल्की ओलावृष्टि हुई। श्रीनगर गढ़वाल में सोमवार रात से हो रही बारिश के चलते सड़के लबालब हो गईं। नई टिहरी में भी देर रात हुई बारिश से ठंड में इजाफा हुआ है।
उधर कर्णप्रयाग में मंगलवार सुबह से जोरदार बारिश हो रही है। इसके साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों और बुग्यालों में बर्फबारी की सूचना है। हरिद्वार सुबह से आसमान में बादल छाए हैं और हल्की बूंदाबादी होने की खबर है।
उत्तराखंड में बदरीनाथ और केदारनाथ धाम समेत गढ़वाल की ऊंची चोटियों ने सोमवार को सफेद चादर ओढ़ ली। रविवार शाम से हो रही बर्फबारी से केदारनाथ धाम में दो फीट ताजा बर्फ जम गई है। सोमवार को भी धाम में दिनभर बर्फबारी होती रही।
हिमपात से पुनर्निर्माण कार्य प्रभावित हुए। केदारधाम में न्यूनतम -7 व अधिकतम तापमान 1 डिग्री रहा। हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण निचले क्षेत्रों में शीतलहर चल रही है।
चमोली जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दिनभर हिमपात हुआ। निचले क्षेत्रों में बारिश भी हुई। इससे तापमान में भारी गिरावट आई है। बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, गौरसों बुयाल, लाल माटी कांचुलाखर्क, नंदा घुंघटी की चोटियों पर जमकर बर्फबारी हुई है। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री, यमुनोत्री, हर्षिल, धराली, मुखबा, जानकीचट्टी, खरसाली आदि क्षेत्रों में बर्फबारी हुई।
निचले क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। प्रदेश में मंगलवार को भी बारिश के आसार हैं। राज्य मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में अपेक्षाकृत भारी बारिश की आशंका है। प्रदेश के तीन जिलों उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में 10-30 सेंटीमीटर तक बर्फबारी की संभावना है।