राजधानी दून समेत आसपास के इलाकों में शुक्रवार पूरे दिन बारिश होती रही। सुबह से शुरू हुई बारिश देर रात तक रुक-रुककर जारी रही। हालांकि इसके बावजूद शहर के अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
शुक्रवार तड़के से शहर के ज्यादातर इलाकों में हल्की बारिश शुरू हो गई। सुबह करीब डेढ़ से दो घंटे तक रिमझिम बारिश जारी रही। इसके बाद कुछ देर के लिए मौसम साफ हो गया और हल्की धूप भी खिल गई। हालांकि कुछ देर बाद एक बार फिर आसमान बादलों से ढक गया और बारिश शुरू हो गई।
घंटाघर और उससे लगे इलाकों में इस दौरान काफी तेज बारिश हुई। शाम के समय तेज हवाओं के साथ बौछारें भी पड़ी। इस दौरान कुछ देर के लिए बहुत तेज बारिश भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार मोहकमपुर केंद्र पर पूरे दिन 29 और आशारोडी में 42 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
पूरे दिन बारिश के बावजूद अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को जहां अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था, वहीं शुक्रवार को यह तीन डिग्री की बढ़ोत्तरी के साथ 30.7 डिग्री तक पहुंच गया।
रात के तापमान में हालांकि बहुत ज्यादा अंतर नहीं आया। न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आज भी राजधानी दून समेत आसपास के इलाकों में बादल छाये रहेंगे। कई इलाकों में दो से तीन दौर कीी बारिश भी हो सकती है।