फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आरएसएस कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस चौकी में धरने पर बैठे विधायक, एसएसपी पर लगाया धमकी देने का आरोप 

Sat, 27 Jul 2019 09:45 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रुड़की (सुल्तानपुर)
विज्ञापन
धरने पर बैठे विधायक संजय गुप्ता - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

गांव से खनन सामग्री भरे वाहन ले जाने का विरोध करने पर खनन माफिया ने आरएसएस पदाधिकारी और उनके पिता के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि शिकायत करने भिक्कमपुर पुलिस चौकी पहुंचे आरएसएस पदाधिकारी के साथ चौकी प्रभारी ने अभद्र व्यवहार किया। इसकी सूचना क्षेत्रीय विधायक संजय गुप्ता को मिली तो शुक्रवार को चौकी प्रभारी पर कार्रवाई की मांग को लेकर आरएसएस कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने पुलिस चौकी पर धरना शुरू कर दिया।

विज्ञापन


आरोप है कि इस दौरान एसएसपी ने विधायक को फोन कर कार्यकर्ताओं को भड़काने की बात कहकर उनके खिलाफ कार्रवाई की बात कह दी। इस पर विधायक भड़क उठे। मौके पर पहुंचे सीओ लक्सर राजन सिंह ने विधायक और आरएसएस कार्यकर्ताओं को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।

बृहस्पतिवार रात रणजीतपुर गांव के रास्ते से कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रालियों में अवैध खनन सामग्री भरकर गुजर रहे थे। गांव के ही आरएसएस के खंड कार्यवाह चंद्र मोहन के भाई बृजमोहन और उनके पिता बिंदर सिंह ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद खनन माफिया ने चंद्रमोहन, बृजमोहन और पिता बिंदर के साथ मारपीट कर दी।
विज्ञापन


आरोप है कि मामले की शिकायत करने भिक्कमपुर पुलिस चौकी पहुंचे चंद्र मोहन के साथ चौकी प्रभारी आशीष शर्मा ने अभद्र व्यवहार किया। जानकारी मिलते ही शुक्रवार सुबह लक्सर क्षेत्र के दर्जनों आरएसएस कार्यकर्ता क्षेत्रीय विधायक संजय गुप्ता के नेतृत्व में भिक्कमपुर पुलिस चौकी पहुंचे।

उन्होंने चौकी प्रभारी आशीष शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान विधायक संजय गुप्ता ने एसएसपी जन्मेजय प्रभाकर खंडूड़ी को फोन कर कर मामले की जानकारी दी। 

विज्ञापन

विधायक संजय गुप्ता का आरोप है कि एसएसपी ने उल्टा उनके खिलाफ आरएसएस कार्यकर्ताओं को भड़का कर धरना प्रदर्शन करवाने की बात कहते हुए कार्रवाई की बात कही। वहीं, आरएसएस कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया।

सूचना मिलते ही सीओ लक्सर राजन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए उन्होंने विधायक संजय गुप्ता और आरएसएस कार्यकर्ताओं को किसी तरह शांत कराया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी राजन सिंह का कहना है कि इस मामले में तहरीर के आधार पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसएसपी जन्मेजय प्रभाकर खंडूड़ी से उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।

चौकी पुलिस की ओर से अभद्र व्यवहार किया गया था, जिसके कारण धरना देना पड़ा। हालांकि, पुलिस की ओर से प्रकरण में माफी मांग ली गई है। इसके बाद मामले में समझौता हो गया है। अब कोई विवाद नहीं है।
-संजय गुप्ता, विधायक लक्सर

दोनों पक्ष रात चौकी में आकर झगड़ रहे थे। उनके साथ कोई अभद्र व्यवहार नहीं किया गया हे। चंद्रमोहन पक्ष की ओर से तहरीर मिल गई है। दूसरे पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
-आशीष शर्मा, चौकी प्रभारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें