उत्तराखंड में बुधवार शाम से भारी बारिश का साया फिर छा गया है। मौसम विभाग ने बुधवार शाम से आगामी 48 घंटे तक कई जगहों, खासकर छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। अन्य जगहों पर भी मध्यम बारिश होने की संभावना है।
प्रदेशभर में मंगलवार को कुछ जगहों पर बारिश हुई। मौसम विभाग के निदेशक आनंद शर्मा ने बताया कि बुधवार शाम से बारिश तेज रफ्तार पकड़ लेगी। बताया कि 15 जुलाई की शाम से बारिश पिथौरागढ़, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, नैनीताल व पौड़ी जिले में विशेषकर रौद्र रूप दिखा सकती है।
इन इलाकों में उन्होंने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा कई जिलों में मध्यम या इससे अधिक बारिश होने की आशंका है। राजधानी देहरादून में भी कुछ जगहों पर मध्यम या इससे अधिक बारिश होने की संभावना है।
चारधाम पर भी बारिश का खतरा
मौसम विभाग ने केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब में 15, 16, 17 व 18 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने ऐसे समय में सभी यात्रियों से भूस्खलन वाले इलाकों में एहतियात बरतने की सलाह दी है।