उत्तराखंड के लिए आने वाले दो दिन और मुसीबत भरे हो सकते हैं। मौसम विभाग ने चारधाम यात्रा मार्ग पर और कुमांऊ मंडल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
चारधाम यात्रा मार्ग और कुमाऊं के ज्यादातर हिस्सों में भूस्खलन, रोड बंद होने और भारी बारिश की संभावना है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने विशेष एडवाइजरी जारी की है।
एडवाइजरी के अनुसार अगले तीन दिन बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान एक जून से शुरू हुए मानसून सीजन की आधी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि पिछले दो-तीन दिन के दौरान प्रदेश के ज्यादातर स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई है। अगले दो से तीन दिन चारधाम यात्रा मार्ग और कुमाऊं के ज्यादातर क्षेत्रों में इसी तरह के हालात बने रहेंगे।
सीजन की सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड
इससे चारधाम यात्रा मार्ग से लगे क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बंद होने की आशंका है। विभाग की ओर से शासन को भी एडवाइजरी भेजी गई है। दूसरी ओर पिछले 24 घंटों में राजधानी दून समेत आस-पास के क्षेत्रों में बादल जमकर बरसे।
मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान अब तक पूरे सीजन की सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी दून में 18 सेमी, मसूरी में 15, ऊखीमठ में 14, जौलीग्रांट में आठ, गैरसैण, टिहरी, जखोली में सात, उत्तरकाशी में छह, रुद्रप्रयाग
चमोली, त्यूणी, पौड़ी में पांच, चौखुटिया, श्रीनगर, घनसाली, बड़कोट, कपकोट, गरुड़ में चार और कीर्तिनगर, रुड़की व बागेश्वर में तीन सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
पूरे सीजन में राजधानी दून में कुल 328 मिमी बारिश हुई, जिसमें से करीब 180 मिमी पिछले 24 घंटों के दौरान हुई है। वहीं टिहरी में 144, मुक्तेश्वर में 149 और पंतनगर में 19 मिमी बारिश हुई है।