चीनू को कोर्ट में पेशी के लिए ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला फाइल फोटो
हत्या समेत विभिन्न आपराधिक मामलों में रुड़की जेल में बंद बदमाश चीनू पंडित की वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये रामनगर कोर्ट में पेशी कराई गई। बताया जा रहा है कि सुरक्षा कारणों के चलते चीनू की वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये पेशी करवाई गई है।
चीनू पंडित पर हत्या और चौथ मांगने के कई मामले दर्ज हैं। चीनू ने अपने दोस्त आकाश की गोली मारकर हत्या की थी। इसके बाद वह फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश दी, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया था। इसके बाद देहरादून एसटीएफ ने चीनू को दून से ही गिरफ्तार किया था। एसटीएफ ने उसके पास से एक-47 और कार बरामद की थी।
इसके बाद एसटीएफ ने उसे जेल भेज दिया था। देहरादून जेल में रहने के बाद चीनू को रुड़की जेल में शिफ्ट कर दिया था। तभी से वह रुड़की में बंद है। बृहस्पतिवार को को एक मामले में चीनू की रामनगर कोर्ट में पेशी थी। इस दौरान जेल के अंदर से ही चीनू की वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिये रामनगर कोर्ट में पेशी पर सुनवाई हुई। जेलर जेपी द्विवेदी ने बताया कि चीनू की वीडियो कांफ्रेसिंग से रामनगर कोर्ट में पेशी हुई है।