अपने हरिद्वार दौरे के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन रविवार को हरकी पैड़ी में गंगा स्नान किया। डॉ. हर्षवर्धन शनिवार देर रात लगभग एक बजे हरिद्वार पहुंचे थे।
गंगा स्नान के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हरिद्वार जिला अस्पताल का निरिक्षण करने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने मुल्तान जोत में शामिल हुए और गंगा नदी में दुग्धाभिषेक किया।
जड़ी-बूटी रिसर्च सेंटर बनेगा पतंजलि
इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद स्वास्थ्य मंत्री बहादराबाद के लिए रवाना हुए। डॉ. हर्षवर्धन दोपहर लगभग डेढ़ बजे पतंजलि योगपीठ पहुंचे और बाबा रामदेव से मुलाकात की।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि पतंजलि को हिमालय की जड़ी-बूटी का रिसर्च सेंटर बनाया जाएगा।
इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने शनिवार को एम्स ऋषिकेश में एमबीबीएस के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी संस्थान में एक एमबीबीएस डॉक्टर तैयार करने में करोड़ों रुपए खर्च होते हैं।
विदेश भागने लगते हैं डॉक्टर
यह धनराशि गरीब से लिए गए टैक्स के रूप में आती है। मगर एमबीबीएस करने के बाद डॉक्टर देश में सेवाएं देने की बजाय विदेश भागने लगते हैं।
उन्होंने एम्स के एमबीबीएस बैच को डॉक्टर बनने के बाद देश में रहकर गरीबों की सेवा के लिए प्रेरित किया। कहा कि इस रूप में वह जनता का ऋण चुका सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने शनिवार को कहा कि सरकार ने देश में 12 नए एम्स संस्थान स्थापित करने का निर्णय लिया है। भूमि उपलब्ध कराने के लिए संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को लिखा गया है।
ऋषिकेश एम्स वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से होगा लैस
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वर्तमान में निर्माणाधीन छह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थानों में से ऋषिकेश एम्स को वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
साथ ही यहां हर्बल गार्डन समेत 100 बेड का आयुष डिपार्टमेंट स्थापित करने की बात कही। इस दौरान उन्होंने एम्स ओपीडी, अस्पताल का सघन निरीक्षण किया और ट्रामा सेंटर बिल्डिंग में ब्लड बैंक का उद्घाटन किया।
दिल्ली एम्स से बेहतर होंगे छह एम्स
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि निर्माणाधीन छह एम्स सुविधाओं के लिहाज से दिल्ली एम्स से कहीं बेहतर होंगे।
जबकि प्रस्तावित 12 एम्स को इनसे भी बेहतर बनाया जाएगा, जिससे देश के विभिन्न प्रांतों के लोगों को अपने ही राज्य में दिल्ली एम्स जैसी सुविधाएं प्राप्त हो सकें।