उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत करने के लिए प्रदेश सरकार एक बार फिर केंद्र की तरफ मुंह ताक रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के सामने सरकार मांगों का पिटारा खोलेगी। चार धाम यात्रा में केंद्र से चिकित्सकों की टीमों लेकर नए ब्लड बैंक, एंबुलेंस, चिकित्सक प्रशिक्षण कार्यक्रम और दवाओं के नए वेयरहाउस बनाने सहित लगभग एक दर्जन प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे जाएंगे।
प्रस्तावों का ड्राफ्ट तैयार
स्वास्थ्य विभाग ने केंद्रीय मंत्री के आगमन पर मांग प्रस्तावों का ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। प्रस्ताव पर शनिवार को सीएम हरीश रावत, स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी और चिकित्सा शिक्षा मंत्री हरक सिंह केंद्रीय मंत्री से चर्चा करेंगे।
राज्य सरकार उम्मीद जता रही है कि अगर केंद्र कई योजनाओं के लिए स्वीकृति देता है तो पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के हालात सुधर जाएंगे।
शुक्रवार को सीएम हरीश रावत ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों की इस संबंध में बैठक ली है। बैठक में तैयार किये गए डिमांड ड्राफ्ट पर सीएम ने अधिकारियों से जानकारी ली।
नेशनल हेल्थ मिशन से इतर पर्वतीय क्षेत्र पर फोकस योजनाएं ही केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखने के निर्देश सीएम ने दिए हैं।