केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री गुलाम नबी आजाद ने प्रदेश को दीपावली का गिफ्ट दिया है। बुधवार को यहां उन्होंने हल्द्वानी में स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट और दून अस्पताल में कैंसर टर्शरी सेंटर खोलने की घोषणा की।
जबकि उन्होंने श्रीनगर मेडिकल कालेज में ट्रॉमा सेंटर और न्यूरो सर्जरी यूनिट शुरू करने का वादा किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने भी दीपावली गिफ्ट के तौर पर आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी का वेतन बढ़ाने का ऐलान किया।
नेशनल एंबुलेंस सेवा योजना शुरू
बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री गुलाम नबी आजाद ने परेड ग्राउंड में एनआरएचएम (राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन) के तहत चलने वाली कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया।
इनमें राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम, आयरन प्लस, फ्री जेनेरिक ड्रग पॉलसी, सीएचसी को पीपीपी मोड पर देने और नेशनल एंबुलेंस सेवा योजना को हरी झंडी दिखाकर शुरू किया।
आयुर्वेद बायोमेडिकल भवन का शिलान्यास
आजाद ने दून मेडिकल कालेज और आयुर्वेद बायोमेडिकल भवन का शिलान्यास किया। यह भी बताया कि वे पर्वतीय क्षेत्र के हैं। इससे पूर्वोत्तर राज्यों की तरह सरकारी योजनाओं में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में केंद्र और राज्य की वित्तीय सहभागिता 90 और 10 फीसदी की होगी। केंद्र 90 फीसदी धन देगा। साथ ही एनआरएचएम के तहत मिलने वाली धनराशि को उन्होंने दोगुना करने का वादा किया।
हल्द्वानी में बनेगा स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट
केंद्रीय मंत्री आजाद ने बताया कि बताया कि हल्द्वानी स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट 120 करोड़ रुपये से बनेगा। प्रदेश को इसमें सिर्फ 10 फीसदी वित्तीय धनराशि देनी होगी। दून अस्पताल का टर्शरी सेंटर 45 करोड़ से बनेगा।
उन्होंने सारे कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कहा कि बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 18 साल तक के लड़के और लड़कियों की मुफ्त जांचें होंगी। कोई बीमारी निकली तो सरकार उसका इलाज कराएगी। छह से 16 साल तक के लड़के-लड़कियों को आयरन और फोलिक एसिड की टेबलेट दी जाएगी।
जेनेरिक दवाओं का बजट बढ़ा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मीडियाकर्मियों की तरफ इशारा कर बोले कि आयरन की गोली खाली पेट खाने से दिक्कत होती है। शुरुआती खुराक बच्चे डाक्टर की देखरेख में दवा लें।
जेनेरिक दवाओं के बजट में पांच फीसदी की बढ़ोतरी होगी। ये दवाएं मुफ्त मिलेंगी। एनआरएचएम के तहत प्रदेश को 139 एंबुलेंस पहले दी गई थीं और 90 एंबुलेंस और दे रहे हैं।
आजाद ने बताया कि एंबुलेंस चलाने का पैसा भी केंद्र सरकार देती है। इसका नाम राष्ट्रीय एंबुलेंस सेवा रखा गया है। अगर इसका नाम बदला तो केंद्र एंबुलेंस चलाने का पैसा नहीं देगा। उन्होंने चुटकी ली कि यूपी में इसे समाजवादी एबुंलेंस सेवा और पंजाब में बादल सेवा कर दिया। राजनीतिक दल काम कम राजनीति ज्यादा करते हैं।
आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का बढ़ेगा वेतन
मुख्यमंत्री ने बहुगुणा ने आशा, आंगनबाड़ी आदि का वेतन बढ़ाने का एलान किया। स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी और चिकित्सा शिक्षा मंत्री हरक सिंह रावत ने इस मौके पर अपनी जरूरतें केंद्रीय मंत्री को बताईं।
केंद्रीय मंत्री हरीश रावत ने प्रदेश की स्थिति के मद्देनजर एनआरएचएम की योजनाओं की धनराशि दो-तीन गुना किए जाने की मांग की। मुख्यमंत्री बहुगुणा ने आजाद को टाइगर की फोटो स्मृतिचिह्न के रूप में भेंट की।