डॉक्टर की गैरमौजूदगी में उसकी पत्नी मरीजों का उपचार कर रही थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जब क्लीनिक में छापा मारा तो और भी कई खुलासे हुए।
स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी में इसका खुलासा होने के बाद क्लीनिक को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने दो दिनों के भीतर जवाब न देने पर क्लीनिक सीज करने की चेतावनी दी है। राजधानी में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक क्लीनिक और छह अल्ट्रासाउंड केंद्रों में छापे मारे। छापेमारी की कार्रवाई के दौरान नालापानी रोड स्थित एक क्लीनिक में टीम को डाक्टर की जगह उसकी पत्नी मरीजों का इलाज करती मिली।
डाक्टर की पत्नी ने विभाग की टीम को बताया कि डाक्टर 10 दिनों के लिए कहीं बाहर गए हैं। क्लीनिक में काफी मात्रा में एलोपैथिक औषधि भी मिली, जबकि डाक्टर की पत्नी ड्रग्स लाइसेंस और अन्य कोई प्रमाण पत्र नहीं दिखा पाई।
दरअसल, स्वास्थ्य विभाग को कुछ समय पहले नालापानी रोड स्थित क्लीनिक अप्रशिक्षित डाक्टर की शिकायत मिली। शिकायत मिलते ही विभाग की टीम ने शनिवार सुबह 11 बजे क्लीनिक में छापा मारा। छापेमारी की कार्रवाई के दौरान सामने आया कि डाक्टर की जगह उसकी पत्नी मरीजों की जांच कर रही है।